भारत आयरलैंड टी20 वैभव सूर्यवंशी डेब्यू |
भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज शाम 6 बजे बेलफास्ट में खेला जाएगा। इस मैच के साथ श्रेयस अय्यर पहली बार भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी संभालेंगे। साथ ही टीम इंडिया 2028 ओलंपिक और आगामी टी-20 विश्व कप की तैयारियों का आगाज भी करेगी।
इस सीरीज का सबसे बड़ा आकर्षण 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी हैं। 15 साल 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में चुने गए वैभव सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर हैं। यदि उन्हें पहले मैच में मौका मिलता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
डेब्यू के साथ बना सकते हैं रिकॉर्ड
अगर वैभव को डेब्यू कैप मिलती है तो वह 15 साल 239 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाली शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ देंगे। वहीं, महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
श्रेयस पहली बार होंगे टी-20 टीम के कप्तान
श्रेयस अय्यर पहली बार भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी करेंगे। वह इस फॉर्मेट में भारत के 15वें कप्तान होंगे। उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी टीम की कमान संभाल चुके हैं। श्रेयस ने अपना पिछला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2023 में खेला था।
वैभव के लिए प्लेइंग-11 में जगह बनाना आसान नहीं
हालांकि वैभव को अंतिम एकादश में शामिल करना टीम प्रबंधन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। मौजूदा टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन शानदार फॉर्म में हैं। तीनों ने हाल ही में टी-20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाए थे।
संजू सैमसन ने बतौर ओपनर 28 पारियों में 926 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। वहीं अभिषेक शर्मा ने 43 पारियों में 1414 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 192.38 रहा है।
यदि वैभव को मौका दिया जाता है तो बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ सकता है। चौथे और पांचवें नंबर पर श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा के खेलने की संभावना है। ऐसे में वैभव के लिए छठे नंबर का विकल्प बचता है, लेकिन यह स्थान आमतौर पर ऑलराउंडर के लिए रखा जाता है। शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और सूर्यांश शेडगे जैसे विकल्प भी टीम के पास मौजूद हैं।
गेंदबाजों के लिए खुद को साबित करने का मौका
इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव जैसे युवा गेंदबाजों के पास अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा अवसर होगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में पांच विकेट लिए थे, जबकि चोट से वापसी कर रहे हर्षित राणा भी टीम के अहम विकल्प हैं।
भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और आयरलैंड के बीच अब तक आठ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं और सभी में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। दोनों टीमों के बीच पिछला मुकाबला 2024 में खेला गया था।
इस साल शानदार फॉर्म में हैं ईशान किशन
ईशान किशन इस साल भारतीय टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 13 मैचों में 532 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 207 रहा है, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। वहीं अर्शदीप सिंह ने 12 मैचों में 17 विकेट हासिल किए हैं।
आयरलैंड की ओर से लॉरकन टकर इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने आठ मैचों में 250 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में मैथ्यू हम्फ्रीज ने आठ मैचों में 13 विकेट लेकर प्रभावित किया है।
बारिश बन सकती है बाधा
बेलफास्ट में मैच के दौरान बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मुकाबले के दिन करीब 84 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। इस मैदान पर अब तक 33 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 19 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम और 13 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 127 और दूसरी पारी का औसत स्कोर 112 रन है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल/वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।
आयरलैंड: टिम टेक्टर, रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लॉरकन टकर (कप्तान/विकेटकीपर), गैरेथ डेलानी, स्टीफन डोहेनी, जॉर्ज डॉकरेल, बेन कैलिट्ज, मैथ्यू हम्फ्रीज, रूबेन विल्सन और गेविन होए।