Saturday, July 11, 2026 07:21:27 PM

दतिया बीजेपी टिकट विवाद
दतिया में BJP टिकट पर बवाल! 12 घंटे हंगामा, हाईवे जाम, धारा 163 लागू; नरोत्तम मिश्रा ने की शांति की अपील

दतिया उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार बदलने के बाद विरोध तेज हो गया। 12 घंटे तक हाईवे जाम रहा, पुलिस से झड़प हुई और प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी।

दतिया में bjp टिकट पर बवाल 12 घंटे हंगामा हाईवे जाम धारा 163 लागू नरोत्तम मिश्रा ने की शांति की अपील
दतिया बीजेपी टिकट विवाद |

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने पूरे दतिया में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है।

धारा 163 लागू होने के बाद बिना सक्षम अनुमति के जनसभा, जुलूस, प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

12 घंटे तक हाईवे जाम

शुक्रवार शाम 5:30 बजे शुरू हुआ चक्काजाम शनिवार सुबह करीब 5 बजे तक जारी रहा। इस दौरान ग्वालियर-झांसी हाईवे पर 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। प्रशासन के अनुसार, पथराव में एसपी, भांडेर एसडीओपी समेत 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद अधिकांश प्रदर्शनकारी पास स्थित भाजपा कार्यालय की ओर चले गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इस दौरान लाठीचार्ज नहीं किया गया।

नरोत्तम मिश्रा ने की शांति बनाए रखने की अपील

भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन से बचने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पार्टी के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए और कार्यकर्ताओं को विरोध में पेट्रोल या केरोसिन डालने जैसे अतिवादी कदम नहीं उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को कोई असहमति है, तो उसे पार्टी के उचित मंच पर रखा जाना चाहिए, न कि सार्वजनिक विरोध के जरिए।

प्रशासन ने फिलहाल जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें