सूरजपुर प्रॉपर्टी डीलर मौत |
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की मिग्सन ग्रीन सोसायटी के रहने वाले 36 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर सौराज की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। उनका शव सोसायटी से करीब 500 मीटर दूर सर्विस रोड पर खड़ी उनकी स्कॉर्पियो के अंदर मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात गश्त के दौरान डेल्टा-3 के ओ ब्लॉक स्थित सर्विस रोड पर एक सुनसान जगह स्कॉर्पियो खड़ी दिखाई दी। वाहन की आगे और पीछे की लाइटें जल रही थीं और दोनों खिड़कियों के शीशे खुले हुए थे। जब पुलिसकर्मी कार के पास पहुंचे तो चालक की सीट पर सौराज खून से लथपथ पड़े मिले। उनके बगल वाली सीट की खिड़की के पास 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ।
पुलिस तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोली उनके सीने में लगी थी।
बर्गर लेने घर से निकले थे सौराज
मूल रूप से दिल्ली के जुमरथपुर गांव निवासी प्रेमराम अपने परिवार के साथ मिग्सन ग्रीन सोसायटी के बी-ब्लॉक स्थित किराए के फ्लैट में रहते हैं। सौराज उनके तीन बेटों में सबसे छोटे थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी सविता और नौ महीने की बेटी माही हैं।
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 8:10 बजे सौराज जगत फार्म मार्केट से बर्गर लेने की बात कहकर स्कॉर्पियो से घर से निकले थे। रात करीब 10 बजे पत्नी ने फोन किया तो उन्होंने बताया कि वह रास्ते में हैं। इसके बाद देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने उनके मोबाइल से परिवार को घटना की जानकारी दी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी राजीव कुमार, प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। जांच हर एंगल से की जा रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सौराज के ससुर राममेहर बघेल समेत अन्य परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, परिवार ने किसी तरह की पुरानी रंजिश, पैसों के लेनदेन या उधारी से इनकार किया है। पुलिस को दी गई तहरीर में भी केवल गोली लगने और पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की गई है। किसी पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप नहीं लगाया गया है।
एक साल पहले खरीदी थी स्कॉर्पियो
सौराज की शादी करीब सात साल पहले सविता से हुई थी। करीब एक साल पहले उन्होंने फाइनेंस पर स्कॉर्पियो खरीदी थी। उनके पिता प्रेमराम और बड़े भाई भी प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से जुड़े हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।