ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 सितंबर से उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे संस्करण का आगाज होने जा रहा है। तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। यह आयोजन न सिर्फ भारत बल्कि विदेश से भी बड़ी संख्या में मेहमानों और कंपनियों को आकर्षित करेगा।
सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी की संभावना है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 सितंबर को गौतमबुद्ध नगर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। यदि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय होता है तो मुख्यमंत्री 24 सितंबर को दोबारा ग्रेटर नोएडा आएंगे और 25 सितंबर तक वहीं रुककर सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों की निगरानी करेंगे।
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, सांस्कृतिक और आर्थिक शक्ति को प्रदर्शित करने का बड़ा मंच बन चुका है। इसके पिछले संस्करण में करीब ढाई लाख से अधिक लोग शामिल हुए थे। इसमें देश-विदेश की कंपनियों को उत्पादकों से सीधे जुड़ने का मौका मिला, वहीं आम लोगों ने भी यूपी के विभिन्न जिलों के निर्यात योग्य उत्पादों को नजदीक से देखा। यही वजह है कि इस बार भी उद्योग जगत से लेकर आम जनता तक में खासा उत्साह है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सक्रिय होकर सुरक्षा, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर फोकस कर रहा है। एक्सपो सेंटर और उसके आसपास की सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और यातायात व्यवस्था सुधारने का काम तेजी से चल रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेड शो प्रदेश की छवि को वैश्विक मंच पर स्थापित करने में अहम भूमिका निभा रहा है। आयोजन से न सिर्फ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के बीच कारोबार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि छोटे और मध्यम उद्यमों को भी वैश्विक बाजार से जोड़ने का सुनहरा मौका मिलेगा।