Monday, March 16, 2026 11:25:51 AM

ग्रेटर नोएडा के जारचा थाने की घटना
निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान छात्र की मौत, परिजनों ने लगाया गलत इंजेक्शन देने का आरोप, कार्रवाई न होने पर हंगामा

ग्रेटर नोएडा में एक निजी क्लीनिक में गलत इंजेक्शन देने के बाद 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ प्रदर्शन किया।

ग्रेटर नोएडा। थाना जारचा क्षेत्र के गांव प्यावली में स्थित एक निजी क्लीनिक पर इलाज के दौरान 15 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने गलत इंजेक्शन लगाया, जिससे छात्र की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

घटना के करीब एक सप्ताह बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने शनिवार को एसीपी द्वितीय, ग्रेटर नोएडा के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।


 

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान रजत भाटी (16 वर्ष) पुत्र पुष्पेंद्र, निवासी नंगला उदयरामपुर, थाना धौलाना (जिला हापुड़) के रूप में हुई है। रजत कक्षा नौ का छात्र था। परिजनों के अनुसार, 4 अक्टूबर को रजत की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इलाज के लिए परिवार के लोग उसे एनटीपीसी प्यावली स्थित एक निजी क्लीनिक पर लेकर गए। क्लीनिक में मौजूद डॉक्टर ने छात्र को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही मिनट बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। रजत को तुरंत सीएचसी दादरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हुआ मौत का कारण

घटना की सूचना मिलने पर जारचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, जिसके चलते चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिसरा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


 

परिजनों का आरोप — डॉक्टर की लापरवाही से गई जान

मृतक के पिता पुष्पेंद्र भाटी का कहना है कि उनके बेटे को किसी सामान्य बीमारी के लिए दवा दी जा रही थी, लेकिन डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन दे दिया। उनका आरोप है कि डॉक्टर ने स्थिति बिगड़ने के बाद भी सही इलाज या रेफर करने में लापरवाही बरती, जिससे बेटे की जान नहीं बच सकी। परिजनों ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से न्याय और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


 

एसीपी कार्यालय पर प्रदर्शन, कार्रवाई का आश्वासन

शनिवार को मृतक के परिजन और ग्रामीण एसीपी द्वितीय ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित कार्यालय पहुंचे और आरोपी चिकित्सक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
सूचना पाकर मौके पर पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। एसीपी ने परिजनों को समझाया और आश्वासन दिया कि जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी को मामले की जानकारी दी गई है। एक एसीएमओ के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की जाएगी। जांच जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें