ग्रेटर नोएडा। जारचा कोतवाली क्षेत्र के नगला चमरू गांव में रविवार देर रात बारात चढ़त के दौरान हुई फायरिंग बड़ा हादसा बन गई। खुशी के माहौल में चली गोली 10 वर्षीय कृष प्रजापति के सिर में जा लगी, जिसके बाद समारोह में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
आईसीयू में बच्चे का उपचार जारी
घायल कृष को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि बच्चे को सिर में गोली लगी है और उसकी हालत नाज़ुक है। आईसीयू में विशेषज्ञ डॉक्टर्स की टीम उसका उपचार कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नगला चमरू निवासी सतीश की बेटी की शादी में बारात खैरपुर गांव से आई थी। रात करीब 10 बजे चढ़त के दौरान दोनों पक्षों में उत्साह चरम पर था। इस बीच एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी पिस्टल से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। उसी दौरान बारात देखने पहुंचे सुनील प्रजापति का 10 वर्षीय पुत्र कृष गोली की चपेट में आ गया।
दो लोग हिरासत में, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और फायरिंग में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनके पास मौजूद हथियारों के लाइसेंस की जांच की जा रही है।
घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनको जांच में शामिल किया जा रहा है।
गांव में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय परिस्थिति को रोका जा सके।
पीड़ित परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।