ट्रेड शो की स्मारिका का विमोचन करते मंत्री | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। एशिया के सबसे बड़े ट्रेड एक्सपो में शुमार होने जा रहा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 वैश्विक स्तर पर उत्तर प्रदेश की पहचान को मजबूत करेगा। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 500 से ज्यादा बायर्स हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पांच दिवसीय एक्सपो का उद्घाटन करेंगे।
ट्रेड शो में रूस बना पार्टनर कंट्री
इस बार एक्सपो में रूस पार्टनर कंट्री के रूप में भाग ले रहा है। रूस की 29 कंपनियां अपने उत्पादों और तकनीक का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 80 देशों के कारोबारी बीटूबी और बीटूसी मीटिंग के जरिए उत्तर प्रदेश के उद्यमियों से संवाद करेंगे।
2200 से अधिक स्टॉल और 5 लाख से अधिक आगंतुक
कार्यक्रम में 2200 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिनमें एमएसएमई क्षेत्र से लेकर बड़े उद्योग शामिल होंगे। आयोजन समिति को उम्मीद है कि 5 लाख से अधिक लोग इस ट्रेड शो में पहुंचेंगे। यह आयोजन प्रदेश के उद्योगों, हस्तशिल्प और ‘मेड इन यूपी’ उत्पादों को ग्लोबल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। 5000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
मंत्री नंद गोपाल नंदी का बयान
कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश की औद्योगिक ताकत और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा—“यह एक्सपो स्थानीय उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर है।” इस मौके पर मंत्री राकेश सचान, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सचिव MSME प्रांजल यादव, डायरेक्टर इंडस्ट्रीज के. विजयेन्द्र पाण्डियन, एडिशनल कमिश्नर इंडस्ट्रीज राजकमल यादव, और इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।