Wednesday, July 22, 2026 02:04:50 AM

कांवड़ यात्रा: कांवड़ की ऊंचाई-चौड़ाई तय हुई
कांवड़ यात्रा के लिए नए नियम लागू, 10 फीट से ऊंची और 12 फीट से चौड़ी कांवड़ को नहीं मिलेगी एंट्री

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट तय की है। तय मानकों से बड़ी कांवड़ को जिले में प्रवेश नहीं मिलेगा।

कांवड़ यात्रा के लिए नए नियम लागू 10 फीट से ऊंची और 12 फीट से चौड़ी कांवड़ को नहीं मिलेगी एंट्री
कांवड़ यात्रा: कांवड़ की ऊंचाई-चौड़ाई तय हुई |

आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कांवड़ों के आकार को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब जिले में केवल वही कांवड़ प्रवेश कर सकेगी, जिसकी अधिकतम ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट तक होगी।

प्रशासन ने साफ किया है कि तय मानकों से बड़ी कांवड़ को जिले में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए जिले की सीमाओं पर हाइट गेज लगाए जाएंगे, जिनसे होकर हर बड़ी कांवड़ को गुजरना होगा।

जिला प्रशासन का कहना है कि यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। यदि जांच के दौरान कोई कांवड़ तय सीमा से अधिक ऊंची या चौड़ी पाई जाती है, तो उसे जिले में प्रवेश नहीं मिलेगा और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

एडीएम संदीप सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों में अधिक ऊंची कांवड़ों के कारण हाईटेंशन बिजली लाइनों, पुलों और अन्य संरचनाओं के पास हादसों की आशंका बनी रहती थी। कई जगहों पर यातायात भी प्रभावित होता था। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए इस बार पहले से ही स्पष्ट मानक तय किए गए हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

प्रशासन ने बताया कि जिले की सीमाओं पर पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें कांवड़ों की जांच करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को नए नियमों की जानकारी भी देंगी।

सभी कांवड़ समितियों से भी अपील की गई है कि वे कांवड़ तैयार करते समय निर्धारित मापदंडों का पालन करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इन नियमों का उद्देश्य आस्था को प्रभावित करना नहीं, बल्कि कांवड़ यात्रा को सभी के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें