सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। जिले में डेंगू और मलेरिया का डबल अटैक लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। बदलते मौसम और लगातार हो रही बरसात के बीच मच्छरों से फैलने वाले इन रोगों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक करीब 200 डेंगू और 100 मलेरिया के मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। 21 रैपिड रिस्पॉन्स टीम जिले के विभिन्न इलाकों में सक्रिय की गई हैं, जो घर-घर जाकर जांच और सर्वे कर रही हैं। इसके अलावा, विभाग की ओर से अब तक 188 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें ज्यादातर नोटिस सरकारी स्कूलों, भवनों और हाइराइज सोसाइटी को दिए गए हैं, जहां पानी जमा होने और साफ-सफाई की लापरवाही पाई गई। हालांकि, अभी तक किसी भी संस्था या सोसाइटी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है।
जिला अस्पताल में विशेष वार्ड
बढ़ते मामलों को देखते हुए सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में डेंगू और मलेरिया के मरीजों के लिए विशेष वार्ड का निर्माण किया गया है। इस वार्ड में मरीजों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बेड, प्लेटलेट्स की उपलब्धता और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की व्यवस्था की गई है।
सीएमओ लगातार ले रहे जायजा
जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र मोहन ने हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को मच्छरजनित बीमारियों पर नियंत्रण के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करना सबसे अहम है, ताकि वे घरों में पानी जमा न होने दें और साफ-सफाई बनाए रखें।
गांव और शहरी क्षेत्रों में बढ़े मरीज
प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों और शहरी क्षेत्रों के क्लीनिकों पर इन दिनों सर्दी-बुखार के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। डॉक्टरों का कहना है कि डेंगू और मलेरिया के शुरुआती लक्षण बुखार, बदन दर्द और सिर दर्द के रूप में सामने आते हैं। ऐसे में लोग लापरवाही न करें और तुरंत जांच कराएं।
जनता से अपील
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि लोग अपने आसपास साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें, पूरी बांह के कपड़े पहनें और जरूरत पड़ने पर मच्छरदानी या रिपेलेंट का प्रयोग करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि लापरवाही बरती गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।