Saturday, May 23, 2026 05:11:19 AM

वेलेंसिया होम्स में बिजली कट
32 लाख रुपये का बकाया न चुकाने पर वेलेंसिया होम्स की बिजली काटी, 870 परिवार हुए परेशान

ग्रेटर नोएडा की वेलेंसिया होम्स सोसायटी में बिजली कटौती से 870 परिवार प्रभावित। बकाया बिल के कारण एनपीसीएल ने आपूर्ति रोकी।

32 लाख रुपये का बकाया न चुकाने पर वेलेंसिया होम्स की बिजली काटी 870 परिवार हुए परेशान
फाइल फोटो | पाठकराज
पाठकराज

ग्रेटर नोएडा। गुरूवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित वेलेंसिया होम्स सोसायटी के निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने 32 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया रहने पर सोसायटी की बिजली काट दी। अचानक हुई कटौती से सोसायटी के 870 परिवार प्रभावित हुए और करीब साढ़े पांच घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा।

 

सुबह 10:30 बजे से बंद रही बिजली

एनपीसीएल ने गुरुवार सुबह 10:30 बजे बिजली आपूर्ति रोक दी। सोसायटी के 9 टावरों में रहने वाले परिवारों को इस दौरान लिफ्ट, वॉटर सप्लाई और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित होना पड़ा। आपात स्थिति में डीजी सेट (जनरेटर) से बिजली दी गई, लेकिन इसकी लागत ने निवासियों की जेब पर भारी बोझ डाल दिया।

 

अगस्त 2024 से लंबित था बिल

एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि वेलेंसिया होम्स पर 32,46,435 का बकाया बिजली बिल अगस्त 2024 से लंबित था। कंपनी की ओर से कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) की ओर से भुगतान नहीं किया गया। अंततः गुरूवार सुबह कठोर कदम उठाकर बिजली काट दी गई। दिनभर की खींचतान के बाद शाम 4 बजे बकाया राशि जमा होने पर आपूर्ति बहाल की गई।

 

पहले भी हुई कार्रवाई

एनपीसीएल इससे पहले भी इसी तरह का कड़ा कदम उठा चुका है। कुछ महीने पहले सुपरटेक इकोविलेज-1 पर 1.76 करोड़ रुपये का बकाया न जमा होने के कारण बिजली काट दी गई थी।

 

जिम्मेदारी बिल्डर की: एओए

सोसायटी के एओए अध्यक्ष विनय ने बताया कि यह बकाया बिल वास्तव में बिल्डर पर लंबित था। कई बार अनुरोध करने के बावजूद बिल्डर ने अब तक कनेक्शन एओए के नाम ट्रांसफर नहीं किया है। इसका खामियाजा अब निवासियों को भुगतना पड़ रहा है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें