एआई रोबोट के साथ फोटो लेते दर्शक | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में शुरू हुआ भव्य ट्रेड शो मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल को गति देने का बड़ा मंच साबित हो रहा है। यह आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा। यहां हाई-टेक तकनीक, आधुनिक उपकरणों और रक्षा सामग्रियों की झलक देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहे ड्रोन और रोबोट, जो केवल एक कमांड पर अलर्ट होकर काम करने लगते हैं। इनमें दवाई पहुंचाने से लेकर दुश्मनों को मात देने तक की क्षमता है। इसके अलावा यूपी में बनी दो मिसाइलें – तीर और ब्रह्मोस – हर किसी का ध्यान खींच रही हैं।
यूपी डिफेंस कॉरिडोर का जलवा
एक्सपो मार्ट में यूपी डिफेंस कॉरिडोर के स्टॉल पर लड़ाकू विमान तीर और मोबाइल लॉन्चर भी प्रदर्शित किए गए। कंपनी का दावा है कि यह लड़ाकू विमान बिना पायलट के कंप्यूटर से ऑपरेट किया जा सकता है। इसकी रफ्तार 500 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह 100 किलो विस्फोटक लेकर दुश्मन के ठिकाने को ध्वस्त करने में सक्षम है। इसकी खासियत है कि यह केवल 2 करोड़ रुपये की लागत में तैयार हुआ है। 15 अक्टूबर को इसका ट्रायल IIT कानपुर में होना है।
एंटी-जैमर ड्रोन से दुश्मनों पर वार
एक्सपो मार्ट में प्रदर्शित एक्स शैडो नामक एंटी-जैमर ड्रोन भी चर्चा का विषय रहा। यह ड्रोन आतंकियों और दुश्मनों के ठिकानों पर 30 फुट की ऊंचाई से सटीक हमला करने की क्षमता रखता है। एक बार चार्ज होने पर यह 12 घंटे तक उड़ान भर सकता है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाला रोबोट
यमुना प्राधिकरण के स्टॉल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से लैस रोबोट भी आकर्षण का केंद्र रहा। यह रोबोट कमांड मिलने पर हाथ मिलाता है, सैल्यूट करता है और नमस्ते करता है। यह एक्सपो न सिर्फ देशी तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दे रहा है बल्कि ‘नए भारत’ की रक्षा और तकनीकी क्षमता का मजबूत संदेश भी दे रहा है।