Thursday, June 19, 2025 03:56:08 AM

आगरा में भीषण सड़क हादसा
आगरा में भीषण सड़क हादसा: वॉक कर रहे तीन लोगों समेत चार की मौत

आगरा में एक लोडिंग गाड़ी के अनियंत्रित होने से चार लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ।

आगरा में भीषण सड़क हादसा वॉक कर रहे तीन लोगों समेत चार की मौत
घटनास्थल पर वाहन को हटाते हुए | पाठकराज
पाठकराज

आगरा।  ट्रांस यमुना क्षेत्र के झरना नाला इलाके में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब आम से भरी एक लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर सर्विस रोड पर वॉक कर रहे लोगों को रौंदते हुए पलट गई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फिरोजाबाद की ओर से आ रही तेज़ रफ्तार लोडिंग गाड़ी का चालक संभवतः झपकी लेने के कारण नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी सर्विस रोड पर चढ़ गई, जहां कुछ लोग सुबह की सैर पर निकले हुए थे। गाड़ी तीन लोगों को रौंदते हुए पलट गई। हादसे में 55 वर्षीय राजेश, 65 वर्षीय हरीबाबू और रामेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई।

 

वाहन में फंसे चालक की भी मौत

हादसे के बाद लोडिंग गाड़ी का चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन और गैस कटर की मदद से गाड़ी को काट कर चालक का शव बाहर निकाला। इस हादसे में वाहन का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की सहायता से पलटी हुई गाड़ी को हटाया और यातायात को सुचारू रूप से चालू करवाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने हादसे पर दुख जताया है और वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही सुबह वॉक करने वालों से भी सुरक्षित स्थानों पर चलने का अनुरोध किया गया है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें