वेनेजुएला भूकंप भारत ने भेजी मेडिकल टीम |
उत्तरी वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद भारत ने राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए अपनी विशेष मेडिकल टीम भेजी है। 'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत आगरा स्थित 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की मेडिकल टीम शुक्रवार दोपहर हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से रवाना हुई।
इस टीम में कुल 41 सदस्य शामिल हैं, जिनमें 9 मेडिकल ऑफिसर भी हैं। टीम भूकंप प्रभावित लोगों को इमरजेंसी मेडिकल केयर, ट्रॉमा मैनेजमेंट, जान बचाने वाली सर्जरी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
छह टन मेडिकल और राहत सामग्री साथ भेजी गई
मेडिकल टीम अपने साथ विदेश मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराया गया लगभग 6 टन मेडिकल उपकरण और मानवीय राहत सामग्री भी लेकर गई है, ताकि प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता मिल सके।
भीष्म क्यूब से मिलेगी आधुनिक चिकित्सा सुविधा
राहत अभियान के लिए भेजे गए दो विमानों में से एक में भारत के 'आरोग्य मैत्री प्रोजेक्ट' के तहत विकसित भीष्म क्यूब (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित और मैत्री) भी भेजा गया है।
यह एक आधुनिक, स्वदेशी और तेजी से तैनात किया जा सकने वाला मॉड्यूलर मेडिकल सिस्टम है, जिसे खास तौर पर आपदा और मानवीय राहत कार्यों के लिए तैयार किया गया है। इसके छोटे-छोटे मेडिकल मॉड्यूल को जोड़कर कुछ ही समय में एक पूरी तरह कार्यरत फील्ड हॉस्पिटल बनाया जा सकता है।
200 मरीजों का इलाज करने में सक्षम
भीष्म क्यूब एक समय में 200 मरीजों को एडवांस्ड ट्रॉमा केयर, इमरजेंसी सर्जरी, आईसीयू सपोर्ट और अन्य जरूरी इलाज देने में सक्षम है। इसमें पोर्टेबल वेंटिलेटर, मरीजों की निगरानी के उपकरण, डायग्नोस्टिक मशीनें, सर्जिकल उपकरण, बिजली उत्पादन की व्यवस्था और ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
यह प्रणाली दुनिया के किसी भी हिस्से में मानवीय संकट के दौरान तेजी से प्रभावी मेडिकल सहायता पहुंचाने की भारत की क्षमता को और मजबूत बनाती है।
पहले भी कई देशों में दे चुकी है सेवा
आगरा स्थित 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल भारतीय सेना की एक प्रतिष्ठित एयरबोर्न मेडिकल यूनिट है। यह यूनिट युद्ध, प्राकृतिक आपदाओं और मानवीय संकट के समय तेजी से राहत कार्यों के लिए तैनात की जाती है। इससे पहले यह टीम श्रीलंका और तुर्किये में भी राहत और चिकित्सा सेवाएं दे चुकी है।