फरहान अख्तर आरडी बर्मन की बायोपिक में मुख्य भूमिका |
'भाग मिल्खा भाग' और 'तूफान' जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुके अभिनेता और फिल्म निर्माता फरहान अख्तर अब एक और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाने की तैयारी में हैं। खबर है कि वह दिग्गज संगीतकार राहुल देव बर्मन (आरडी बर्मन) की बायोपिक में मुख्य भूमिका निभा सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म निर्माता नीरज पांडे पिछले कुछ समय से आरडी बर्मन के जीवन पर आधारित फिल्म की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म की स्क्रिप्ट पर तेजी से काम चल रहा है और फरहान अख्तर इस प्रोजेक्ट से जुड़ने को लेकर काफी उत्साहित हैं। यदि सब कुछ योजना के अनुसार आगे बढ़ता है, तो उन्हें पंचम दा के किरदार को पर्दे पर जीवंत करने के लिए विशेष तैयारी करनी होगी।
यह बायोपिक हिंदी फिल्म संगीत जगत के सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय संगीतकारों में से एक आरडी बर्मन को श्रद्धांजलि के रूप में बनाई जाएगी। फिल्म के निर्माताओं ने उनके कई प्रतिष्ठित गीतों के अधिकार भी हासिल कर लिए हैं, जिनका कहानी में अहम योगदान रहने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक, फिल्म को वर्ष 2026 के अंत तक फ्लोर पर ले जाने की योजना है। इस परियोजना का निर्देशन नीरज पांडे करेंगे, जबकि 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' और 'मणिकर्णिका' से जुड़े निर्माता कमल जैन इसके सह-निर्माता होंगे। स्क्रिप्ट और प्री-प्रोडक्शन का काम पूरा होने के बाद फिल्म की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
कौन थे आरडी बर्मन?
राहुल देव बर्मन, जिन्हें प्यार से 'पंचम दा' कहा जाता था, हिंदी फिल्म संगीत के सबसे सफल और लोकप्रिय संगीत निर्देशकों में गिने जाते हैं। उन्होंने 1960 से 1990 के दशक के बीच करीब 331 फिल्मों में संगीत दिया। उन्होंने किशोर कुमार, लता मंगेशकर, आशा भोसले और मोहम्मद रफी जैसे महान गायकों के साथ काम किया। वहीं मजरूह सुल्तानपुरी, आनंद बख्शी और गुलजार जैसे मशहूर गीतकारों के साथ उनकी जोड़ी ने कई यादगार गीत दिए।
आरडी बर्मन महान संगीतकार सचिन देव बर्मन और बंगाली गीतकार मीरा देव बर्मन के इकलौते पुत्र थे। 4 जनवरी 1994 को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था, लेकिन उनका संगीत आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में जीवित है।