डूब क्षेत्र से राहत शिविर में जाता एक परिवार | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। हथनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के चलते यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके कारण नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए अब तक लगभग 600 परिवारों और 1500 पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। वहीं करीब 500 मवेशियों को अस्थायी गौशालाओं में रखा गया है।
राहत शिविरों में भोजन व पानी की व्यवस्था
प्रभावित इलाकों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। यहां खाने-पीने की वस्तुओं के साथ-साथ शौचालय और पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी परिवार को दिक्कत न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बांध तक पहुंचा पानी
बुधवार सुबह तक सेक्टर-135 और सेक्टर-151 में यमुना नदी का पानी बांध तक पहुंच गया। कई फार्म हाउसों की ओर जाने वाले रास्तों पर घुटने तक पानी भर गया, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है।
डीएम ने लिया था हालात का जायजा
मंगलवार शाम को डीएम मेधा रूपम ने सेक्टर-151 के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने राहत शिविरों और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार प्रतीत सिंह और नायब तहसीलदार मौजूद रहे।
इसके अलावा एडीएम वित्त अतुल कुमार ने देर शाम सेक्टर-135 का निरीक्षण कर मेडिकल सुविधा और खानपान सामग्री की आपूर्ति का जायजा लिया।
सक्रिय की गईं बाढ़ चौकियां
बढ़ते खतरे को देखते हुए हिंडन और यमुना क्षेत्र की सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। इनमें शामिल हैं:
-
तहसील सदर: संचार केंद्र सिंचाई विभाग याकूतपुर, प्राथमिक पाठशाला कुलेसरा, प्राथमिक पाठशाला बदौली बांगर, अमीचंद इंटर कॉलेज कासना, प्राथमिक पाठशाला घरबरा, प्राथमिक पाठशाला लतीफपुर बांगर।
-
तहसील दादरी: नंदा पब्लिक स्कूल चोटपुर, साक्षी पब्लिक स्कूल छिजारसी, देव विद्यापीठ पब्लिक स्कूल चिपियाना खुर्द तिगरी, कन्हैया पब्लिक स्कूल हैबतपुर, आरएस इंटरनेशनल स्कूल चोटपुर, न्यू सैनिक पब्लिक स्कूल चिपियाना खुर्द तिगरी, जागृति पब्लिक स्कूल चोटपुर, बारात घर हैबतपुर, साधना पब्लिक स्कूल छिजारसी।
-
तहसील जेवर: जनता इंटर कॉलेज जेवर, प्राथमिक स्कूल मेवला गोपालगढ़, प्राइमरी स्कूल झुप्पा, शिव मंदिर भाईपुर ब्रह्मनान, तहसील कंपाउंड जेवर।
बनाए गए राहत केंद्र (शरणालय)
-
तहसील जेवर: जूनियर हाई स्कूल फलेदा बांगर, संचार केंद्र सिंचाई विभाग याकूतपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुलेसरा, प्राथमिक पाठशाला बदौली बांगर, अमीचंद इंटर कॉलेज कासना, सिविलियन विद्यालय घरबरा, प्राथमिक पाठशाला लखीमपुर बांगर।
-
तहसील दादरी: सामुदायिक केंद्र सेक्टर-115, आरएस इंटर कॉलेज चोटपुर, नंदा पब्लिक स्कूल चोटपुर, जागृति पब्लिक स्कूल चोटपुर, डीवीपी पब्लिक स्कूल यूसुफपुर चकशाहबेरी, साक्षी पब्लिक स्कूल छिजारसी, कंपोजिट विद्यालय छिजारसी, कन्हैया पब्लिक स्कूल हैबतपुर।