एयरपोर्ट के बाहर मौजूद डीएम और सीपी | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ तेज हो गई हैं। आगामी 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर कई केंद्रीय मंत्री, देश के बड़े नेता और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग की व्यवस्था, वीवीआईपी मूवमेंट, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा घेरे और आपातकालीन सुविधाओं पर विशेष चर्चा की गई।
डीएम मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में आगंतुकों और वीवीआईपी अतिथियों को असुविधा न हो। वहीं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सुरक्षा तैयारियों की बारीकियों की समीक्षा करते हुए कहा कि उद्घाटन के दौरान सुरक्षा चाक-चौबंद रखी जाएगी और पुलिस बल की तैनाती पर्याप्त संख्या में की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारी, ट्रैफिक पुलिस और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात प्रबंधन और वैकल्पिक रूट को लेकर भी चर्चा की।
गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को नई उड़ान देने वाला है। इसका उद्घाटन प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक परिदृश्य के लिए ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।