Monday, March 16, 2026 11:26:25 AM

सुरक्षा उपाय बढ़ाए गए
ग्रेटर नोएडा में 24 घंटे तक ड्रोन और गुब्बारा उड़ाने पर रोक, प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कसी कमर

ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 पर प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

ग्रेटर नोएडा में 24 घंटे तक ड्रोन और गुब्बारा उड़ाने पर रोक प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कसी कमर
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

ग्रेटर नोएडा। आगामी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। सुरक्षा कारणों से पूरे जिले में 24 घंटे तक ड्रोन, गुब्बारा और अन्य हवाई उपकरण उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश 24 सितंबर की रात 12 बजे से 25 सितंबर की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगा।

 

हवाई गतिविधियों पर सख्त पाबंदी

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर जारी आदेश में कहा गया है कि प्रधानमंत्री समेत विशेष अतिथियों की मौजूदगी के दौरान किसी भी तरह की हवाई गतिविधि सुरक्षा में बाधा बन सकती है। इसलिए पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में ड्रोन, गुब्बारे, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, पैराग्लाइडर और रिमोट से संचालित हवाई उपकरणों पर रोक लगाई गई है।

 

बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेगा एक्सपो मार्ट

25 से 29 सितंबर तक एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति बनाई है। आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

 

उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 223 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह प्रावधान सार्वजनिक सुरक्षा में बाधा उत्पन्न करने वाले कृत्यों को रोकने के लिए लागू किया गया है।

 

जनता से सहयोग की अपील

कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को पूरा सहयोग दें। निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम शांति और सुरक्षा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें