नोएडा/मुंबई। मुंबई ट्रैफिक पुलिस को बीते दिन एक धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें दावा किया गया था कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में 34 वाहनों में मानव बम लगाए गए हैं और 14 पाकिस्तानी आतंकी देश में घुस चुके हैं। धमकी देने वाले ने खुद को लश्कर-ए-जिहादी संगठन से जुड़ा बताया और कहा कि विस्फोट में 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले आरोपी को नोएडा सेक्टर-79 से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार (51 वर्ष), निवासी पाटलिपुत्र, बिहार के रूप में हुई है। वह पिछले पांच वर्षों से नोएडा में रह रहा था और पेशे से ज्योतिषी है।
आरोपी के पास से भारी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से 7 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, 6 मेमोरी कार्ड होल्डर, 1 सिम स्लॉट एक्सटर्नल, 2 डिजिटल कार्ड, 4 सिम कार्ड होल्डर और 1 मेमोरी कार्ड जब्त किए हैं। साथ ही धमकी भेजने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल और सिम कार्ड भी बरामद कर लिया गया है।
रंजिश में दी धमकी
जांच में सामने आया है कि अश्विनी ने यह धमकी पटना के फुलवारी शरीफ में दर्ज एक पुराने मामले का बदला लेने के लिए दी थी। वर्ष 2023 में फिरोज नामक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराए गए केस में अश्विनी को गिरफ्तार कर तीन महीने जेल में रहना पड़ा था। इसी रंजिश के चलते उसने फिरोज का नाम इस्तेमाल कर मुंबई पुलिस को धमकी भरा संदेश भेजा।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस ने पूरे शहर और राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी। विभिन्न इलाकों में सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस का कहना है कि हालांकि प्राथमिक जांच में यह मामला व्यक्तिगत रंजिश का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी गहन जांच की जा रही है। आरोपी को मुंबई लाया जा रहा है और उससे पूछताछ जारी है।