नोएडा। ममूरा गांव में पीजी के सामने स्कूटी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। दो युवकों ने पीजी संचालक के पिता पर डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना की शुरुआत – मामूली विवाद से शुरू हुआ बवाल
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-11 निवासी दीपक चौहान ममूरा गांव में स्काई होम्स नामक पीजी चलाते हैं। रात करीब पौने दस बजे उनके पिता घनश्याम चौहान पीजी के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी मनोज और अजय स्कूटी खड़ी करने को लेकर उनसे उलझ गए। देखते-देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों ने हाथापाई शुरू कर दी और गुस्से में आकर डंडे और लोहे की रॉड से घनश्याम के सिर, हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। हमले के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
घायल की हालत गंभीर, आईसीयू में भर्ती
हमले में गंभीर रूप से घायल घनश्याम को परिजनों ने नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है। परिजनों के अनुसार, घनश्याम को सिर में गहरी चोट लगी है और चिकित्सक उनकी हालत को लेकर गंभीर चिंता जता रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई – तुरंत दर्ज हुआ केस
थाना फेज-तीन प्रभारी ध्रुवभूषण दूबे ने बताया कि पीड़ित के बेटे दीपक चौहान की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रयास (धारा 308), चोटिल करने (धारा 323) और धमकी देने (धारा 506) की धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर मनोज और अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।