संभल। देशभर में मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब एक बड़े ठगी कांड में फंस गए हैं। संभल जिले के मूल निवासी हबीब और उनके बेटे अनौश हबीब पर करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप लगे हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अब तक 28 एफआईआर दर्ज की हैं। आरोप है कि दोनों ने “FLC कंपनी” के नाम पर लोगों को 70 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया और फिर रकम लेकर फरार हो गए।
चारों ओर से घेराबंदी में जावेद हबीब
उत्तर प्रदेश पुलिस ने हबीब और उनके बेटे के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है ताकि वे विदेश भाग न सकें। तेजतर्रार अफसरों की विशेष टीम उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, “जावेद हबीब और उनका बेटा अनौश हबीब किसी भी समय गिरफ्तार हो सकते हैं।”
असमोली थाने में दर्ज 28 मुकदमे
संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र में अब तक 28 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, हबीब और उनके सहयोगियों ने जिले भर के 43 से अधिक लोगों से निवेश के नाम पर मोटी रकम वसूली। पीड़ितों ने बताया कि अप्रैल 2024 में राजमहल रिसॉर्ट, संभल में आयोजित एक मीटिंग में जावेद हबीब स्वयं मौजूद थे और उन्होंने 70% तक मुनाफे का वादा किया था। निवेश के बाद न तो रकम लौटाई गई और न ही लाभ दिया गया। उलटे, जब निवेशकों ने पैसा मांगा तो उन्हें धमकियां दी गईं।
पुलिस जांच में बड़े खुलासे की उम्मीद
थाना प्रभारी बोबिद्र शर्मा ने बताया कि अब तक 43 पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और जांच जारी है। पुलिस टीम आरोपितों के बैंकिंग रिकॉर्ड, ऑनलाइन वॉलेट और पेमेंट गेटवे ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है। शक है कि ठगी का यह नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर तक फैला हुआ है।
लुकआउट नोटिस जारी
पुलिस ने हबीब, उनके बेटे अनौश हबीब और सहयोगी सैफुल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। इस नोटिस के तहत देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बंदरगाहों और सीमाओं पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपित विदेश भागने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए संबंधित मंत्रालयों को भी सूचना भेजी गई है।