Saturday, March 07, 2026 05:14:44 AM

नोएडा में बड़ा साइबर फ्रॉड
नोएडा में आर्किटेक्ट से 11.99 करोड़ की साइबर ठगी, शेयर ट्रेडिंग के नाम पर दिया गया था झांसा

नोएडा में एक आर्किटेक्ट को शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 11.99 करोड़ की ठगी हुई। साइबर ठगों ने शुरुआती रिटर्न देकर विश्वास जीता।

नोएडा में आर्किटेक्ट से 1199 करोड़ की साइबर ठगी शेयर ट्रेडिंग के नाम पर दिया गया था झांसा
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। साइबर ठगों ने एक बार फिर हाई-प्रोफाइल फ्रॉड को अंजाम देते हुए नोएडा के सेक्टर-47 निवासी एक आर्किटेक्ट से करीब 11 करोड़ 99 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी गिरोह ने शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट पर भारी मुनाफा देने का लालच देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसा लिया। मामला सामने आने के बाद साइबर क्राइम थाना नोएडा ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) शौल्या गोयल के अनुसार पीड़ित इंद्रपाल चौहान, पुत्र प्रताप सिंह चौहान ने शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर क्यारा शर्मा नाम की एक महिला का मैसेज आया। महिला ने शेयर मार्केट में निवेश कर 15% तक का रोजाना रिटर्न मिलने का दावा किया और उन्हें लाभ का लालच दिया। आरोपियों ने इंद्रपाल को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर एक लिंक भेजा जिसके जरिए उन्होंने एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड किया। शुरूआती दिनों में ग्रुप में कई लोग निवेश का दिखावटी लाभ और स्क्रीनशॉट डालते रहे, जिससे पीड़ित को विश्वास हो गया कि सभी इन्वेस्टर्स बड़े मुनाफे कमा रहे हैं। जल्द ही वह भी लालच में आकर निवेश करने लगा।

शुरुआत में साइबर ठगों ने भरोसा जीतने के लिए पीड़ित को करीब 9 लाख रुपये रिटर्न भी दिया। इसके बाद इंद्रपाल ने कई किश्तों में कुल 11.99 करोड़ रुपये ठगों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर 17 करोड़ रुपये अतिरिक्त जमा करने की मांग कर दी। इसी दौरान पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एडीसीपी ने बताया कि जिन बैंक खातों में धनराशि भेजी गई है, उनकी जांच की जा रही है और खातों के जरिए आरोपी नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।


सम्बन्धित सामग्री





हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें