बैठक में जुटे श्रमिक | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। मानीताऊ इक्विपमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में श्रमिकों के हित में यूनियन और प्रबंधन के बीच लंबी वार्ता के बाद ऐतिहासिक समझौता संपन्न हुआ। सीटू जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि “इतना अच्छा समझौता कर्मचारियों की एकजुटता और उनके सहयोग से ही संभव हो सका।” मानीताऊ इंप्लाइज यूनियन (सीटू) ने 2 जनवरी 2025 को कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर प्रबंधन को मांग पत्र दिया था। इसके बाद कई महीनों तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों में आम सहमति बनी।
वेतन और बोनस में वृद्धि
समझौते के अनुसार, आगामी तीन वर्षों के लिए कर्मचारियों के वेतन में 22,500 रुपये की वृद्धि तय की गई है, जो औसतन 46% की बढ़ोतरी है। इसके अलावा कर्मचारियों को 16,500 रुपये सालाना बोनस/एक्स-ग्रेसिया मिलेगा। दीपावली पर कंपनी की ओर से 4,000 रुपये मूल्य का उपहार भी दिया जाएगा। कर्मचारियों की मेडिकल पॉलिसी की राशि एक लाख रुपये बढ़ाकर छह लाख रुपये कर दी गई है, जिससे उनके परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत होगी।
आमसभा में घोषणा और कर्मचारियों की प्रतिक्रिया
सिटी पार्क, ग्रेटर नोएडा में आयोजित आमसभा में यूनियन अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज और महामंत्री संतोष ने समझौते की जानकारी कर्मचारियों को दी। उन्होंने बताया कि हर तीन साल में यूनियन द्वारा मांग पत्र देकर आगामी तीन वर्षों के लिए समझौता किया जाता है। सभा को संबोधित करते हुए सीटू जिला सचिव रामस्वारथ ने कर्मचारियों को भविष्य में भी एकजुट रहने का संदेश दिया। वहीं, किसान सभा जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “ऐसी विपरीत परिस्थितियों में मानीताऊ इंप्लाइज यूनियन सीटू द्वारा हासिल किया गया समझौता सराहनीय है।” समझौते का स्वागत सभी कर्मचारियों ने तालियों से किया और उन्होंने अपने नेताओं का आभार व्यक्त किया।