Monday, March 16, 2026 11:26:17 AM

युवक पर हमला
ग्रेटर नोएडा की पॉश सोसायटी में युवक पर दबंगों का हमला, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

ग्रेटर नोएडा की प्रॉवियम टेक्नो सिटी सोसायटी में दबंगों ने युवक को बेरहमी से पीटा। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपी पकड़े।

ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 क्षेत्र की पॉश सोसायटी प्रॉवियम टेक्नो सिटी अपार्टमेंट में दबंगई का मामला सामने आया। जिम करके लौट रहे एक युवक को आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने सोसायटी के भीतर घेरकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान दबंगों ने काफी देर तक सोसायटी में उत्पात मचाया। पूरी घटना सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

युवक पर बेरहमी से हमला

पीड़ित युवक जिम से लौटकर जैसे ही सोसायटी में दाखिल हुआ, आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने उस पर हमला कर दिया। युवक ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर दोबारा उसे बुरी तरह पीटा। मारपीट से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई

सोसायटी के भीतर हुई इस वारदात की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह दबंग युवक को घेरकर लाठियों और मुक्कों से पिटाई कर रहे हैं।

 

पुलिस की कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। थाना बीटा-2 पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीपी गौतमबुद्ध नगर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। पॉश सोसायटी के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोसायटी के निवासियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सोसायटी की सुरक्षा बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें