ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक महिला का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाले आरोपी डिलीवरी ब्वॉय गौरव को पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि उनका पति अहमदाबाद की एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता है और वह दो बच्चों के साथ फ्लैट में रहती हैं। गुलिस्तानपुर निवासी गौरव दूध सप्लाई करने के बहाने घर आता-जाता था। आरोप है कि एक दिन उसने बेटे की गर्दन पर चाकू रखकर महिला से अश्लील हरकत की और वीडियो बना लिया। इसके बाद धमकाकर बार-बार घर आने लगा।
पीड़िता ने युवक के सोसायटी में प्रवेश पर रोक लगवाई तो उसने धमकी देना शुरू कर दिया। आरोपी ने वीडियो महिला के पति को भेजने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी डाल दिया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी गौरव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 76 (महिला पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग) और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी मूल रूप से मेरठ जिले के नारंगपुर गांव, थाना सरूरपुर खुर्द का रहने वाला है।