Friday, May 22, 2026 09:17:24 PM

बस में भीषण आग
ग्रेटर नोएडा: मदरसन कंपनी की बस में भीषण आग, बड़ा हादसा टला

ग्रेटर नोएडा में मदरसन कंपनी की बस में आग लगने से बड़ा हादसा टल गया। बस चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।

ग्रेटर नोएडा मदरसन कंपनी की बस में भीषण आग बड़ा हादसा टला
आग से जलकर खाक हुई बस | पाठकराज
पाठकराज

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मदरसन कंपनी की स्टाफ बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि कुछ ही देर में पूरी बस धू-धू कर जलकर खाक हो गई। हादसे के समय बस में केवल चालक ही मौजूद था, जिसने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि बस में यात्री सवार नहीं थे, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे कंपनी की बस सूरजपुर कस्बे से होकर अपने स्टाफ को लेने जा रही थी। जैसे ही बस कस्बे के पेट्रोल पंप के पास पहुंची, अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। तेज आग की वजह से आसपास अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक पूरी बस जलकर खाक हो चुकी थी। बस के धधकने से कुछ समय तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।

पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बस की सीएनजी किट में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर आग लगने का समय कुछ और देर बाद का होता और बस में कर्मचारी सवार होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें