पुलिस हिरासत में जब्त किये सामान और आरोपी | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए दादरी क्षेत्र में चल रही एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार पटाखे और 1500 किलोग्राम से अधिक पटाखा बनाने की सामग्री बरामद की है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली दादरी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दिवाली के लिए बनाए जा रहे थे पटाखे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई सामग्री से कई क्विंटल पटाखे तैयार किए जा सकते थे। ये पटाखे दिवाली पर अवैध तरीके से बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे थे। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एकत्र होना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इस कार्रवाई को दादरी कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों के निर्माण और बिक्री पर सख्ती बरती जा रही है। इलाके में इसी तरह के और कारखानों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। साथ ही, ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।