ग्रेटर नोएडा में कार में सोता मिला विदेशी नागरिक |
ग्रेटर नोएडा के आईटीबीपी गोल चक्कर पर एक नाइजीरियाई नागरिक की वजह से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। बताया गया कि उसने अपनी कार गलत दिशा में खड़ी कर दी थी और उसी के अंदर सो गया था।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला की नजर कार पर पड़ी। महिला ने देखा कि गाड़ी स्टार्ट थी, लेकिन काफी देर से वहीं खड़ी थी और आगे नहीं बढ़ रही थी। शक होने पर जब वह कार के पास पहुंची तो देखा कि एक नाइजीरियाई नागरिक वाहन के अंदर सो रहा है।
महिला ने पुलिस को दी सूचना
महिला ने उस व्यक्ति को जगाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में बैठे व्यक्ति को जगाया।
पुलिस के पहुंचते ही लेकर चला गया कार
पुलिस के अनुसार, जैसे ही नाइजीरियाई नागरिक को जगाया गया, वह तुरंत अपनी कार लेकर वहां से चला गया। हालांकि पुलिस ने वाहन का नंबर नोट कर लिया है।
नशे की हालत में होने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति संभवतः रात में शराब पीकर आया था। नशे की हालत में उसने गोल चक्कर के पास गलत दिशा में कार खड़ी कर दी और वहीं सो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।