Tuesday, August 19, 2025 07:34:20 PM

यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा
यमुना का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट – जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग की समीक्षा

नोएडा में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जाने के कारण बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। जिलाधिकारी ने तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए।

यमुना का जलस्तर बढ़ा प्रशासन अलर्ट – जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग की समीक्षा
अधिकारियों संग समीक्षा बैठक करती जिलाधिकारी | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जाने के बाद जिले में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखा जाए और वहां पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।

 

नदियों की निगरानी और ग्रामीणों को अलर्ट

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को नियमित रूप से नदियों के जलस्तर की निगरानी करने और समय-समय पर प्रशासन को सूचित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित होने वाले ग्रामों के निवासियों को लगातार सतर्क किया जाए और पानी बढ़ने की संभावना की जानकारी दी जाती रहे। प्राधिकरणों के अधिकारियों से कहा गया कि डूब क्षेत्र में स्थित गौशालाओं को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित कर ली जाए। बाढ़ की स्थिति बनने पर वहां से गोवंश को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू की तैयारी रहे।

 

राहत कार्यों की अग्रिम योजना

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें और राहत कार्यों की अग्रिम योजना तैयार कर लें। बैठक में उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे, एआरओ चारुल यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग पवन कुमार, सी.पी. सिंह रावल समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें