नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार के नोएडा प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने शनिवार को सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं, बच्चों के इलाज और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और चिकित्सा स्टाफ से भी बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री बृजेश सिंह ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को "बेहतर और संतोषजनक" बताया। उन्होंने अस्पताल में इलाज करवा रहे बच्चों के माता-पिता से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकांश अभिभावकों ने अस्पताल की सेवाओं की सराहना की और डॉक्टरों के कार्यशैली को सराहा।
बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट की तारीफ
मंत्री ने बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट का भी दौरा किया और उसे अत्याधुनिक तकनीक से युक्त बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अब गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों का इलाज उत्तर प्रदेश में ही संभव हो रहा है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
कांवड़ मार्ग पर दुकानों के नामों को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
प्रेस से बातचीत के दौरान मंत्री ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर दुकानों के नामों को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों को "अनावश्यक राजनीति" करार दिया। उन्होंने कहा,
"धार्मिक आस्था के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। सरकार का मकसद कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना है, न कि किसी विशेष वर्ग को निशाना बनाना।"
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर
बृजेश सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में गुणवत्तापूर्ण बाल चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों। चाइल्ड PGI, नोएडा को प्रदेश में बाल रोग उपचार के एक मॉडल सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है।