Tuesday, March 10, 2026 01:56:47 PM

नोएडा पुलिस की मानवीय पहल
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पुलिस ने बचाई जुड़वां बच्चों की जान, मात्र 3 मिनट 50 सेकंड में अस्पताल पहुंचाया

नोएडा पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दिल्ली से नोएडा के बीमार जुड़वां बच्चों को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच सकी।

ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पुलिस ने बचाई जुड़वां बच्चों की जान मात्र 3 मिनट 50 सेकंड में अस्पताल पहुंचाया
फाइल फोटो | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। नोएडा पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दो गंभीर रूप से बीमार जुड़वां बच्चों को दिल्ली से नोएडा स्थित चाइल्ड पीजीआई सेक्टर-30 तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाया। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने 6 किलोमीटर की दूरी महज 3 मिनट 50 सेकंड में तय करवाई।

 

सैपलिंग अस्पताल से चाइल्ड पीजीआई तक रेस्क्यू ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, दोनों जुड़वां बच्चों का इलाज दिल्ली के नजफगढ़ स्थित SAPLING अस्पताल में चल रहा था। डॉक्टरों ने बच्चों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए नोएडा रेफर किया। अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नोएडा पुलिस से ग्रीन कॉरिडोर बनाने की अपील की।

नोएडा-डीएनडी रूट पर आमतौर पर भारी ट्रैफिक रहता है, खासकर पीक आवर में जाम की स्थिति हो जाती है। ऐसे में बच्चों को समय पर अस्पताल पहुंचाना एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डीएनडी से चाइल्ड पीजीआई तक का रूट तुरंत खाली कराया।

 

आईएसटीएमएस की मदद से हुआ ऑपरेशन

ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने में पुलिस ने आईएसटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) की मदद ली। सभी ट्रैफिक सिग्नलों को नियंत्रित किया गया, वाहन रोके गए और एंबुलेंस को बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ाया गया। साथ ही, एंबुलेंस को पुलिस एस्कॉर्ट भी दिया गया ताकि सफर के दौरान कोई परेशानी न हो।

 

परिवार ने जताया आभार

बच्चों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के बाद परिजनों ने नोएडा पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अगर समय पर ग्रीन कॉरिडोर न बनता, तो बच्चों की हालत और गंभीर हो सकती थी। पुलिस की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से पुलिस की छवि केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रहती, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और जीवन रक्षक भूमिका भी उजागर होती है।


सम्बन्धित सामग्री





हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें