इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी भीषण आग |
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित स्कीम-136 क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक अपार्टमेंट की भूतल पर बने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) शोरूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग के कारण अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले छह परिवार फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8:15 बजे लगी। उस समय शोरूम बंद था, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से शोरूम में रखे सभी दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन जलकर खाक हो गए।
अपार्टमेंट की पहली और दूसरी मंजिल पर रहने वाले परिवारों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया, क्योंकि सीढ़ियों का रास्ता धुएं और आग के कारण प्रभावित हो चुका था। इस दौरान पड़ोस की एक अन्य मल्टी में रहने वाले लोग मदद के लिए आगे आए। उन्होंने रस्सी और सीढ़ी की व्यवस्था कर फंसे हुए लोगों को छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुआं फ्लैटों के अंदर पहुंचने के बाद लोगों की नींद खुली। नीचे झांककर देखने पर उन्हें शोरूम में आग लगी दिखाई दी और बाहर निकलने का रास्ता बंद नजर आया। इसके बाद पड़ोसियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
स्थानीय निवासी श्याम दुबे ने बताया कि धुआं दिखाई देने पर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जब तक दमकल की टीम पहुंचती, तब तक आसपास के लोगों ने मिलकर 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मी नरेंद्र मंडेलिया सहित अन्य जवानों ने बचाव कार्य में हिस्सा लिया और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की।
हालांकि आग अपार्टमेंट के आवासीय हिस्से तक नहीं पहुंच सकी, जिससे परिवारों का घरेलू सामान सुरक्षित बच गया। दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।