किसान आदर्श इंटर कॉलेज में ‘महाकवि कालिदास पुस्तकालय’ का हुआ शुभारंभ | पाठकराज
पाठकराज
जेवर। दनकौर स्थित किसान आदर्श इंटर कॉलेज में मंगलवार को शिक्षा और साहित्यिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित “महाकवि कालिदास पुस्तकालय” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ अरुण वीर सिंह और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
पुस्तकालय से समाज की दिशा तय होगी: विधायक
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि “शिक्षा से ही समाज की दिशा तय होती है। विद्यालयों में पुस्तकालयों की स्थापना से छात्रों में नई सोच विकसित होगी और सामाजिक जागरूकता का विस्तार होगा।” उन्होंने कहा कि इस पुस्तकालय को “महाकवि कालिदास” जैसे महान साहित्यकार के नाम से जोड़ना इसे एक सांस्कृतिक और साहित्यिक पहचान प्रदान करता है। यह पुस्तकालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और छात्रों के लिए अध्ययन का एक उपयुक्त और समर्पित वातावरण प्रदान करेगा। पुस्तकालय में शैक्षिक, साहित्यिक और प्रतियोगी परीक्षा से जुड़ी सैकड़ों पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परियोजना को YEIDA की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत वित्त पोषित किया गया है। सीईओ अरुण वीर सिंह ने कहा कि "हम शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह पुस्तकालय स्थानीय छात्रों को भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।"