शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मदनापुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर उत्तरी गांव में शनिवार को खेत के विवाद में एक महिला ने पहले अपने ढाई साल के इकलौते बेटे को कीटनाशक पिलाया, फिर खुद भी ज़हर पी लिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चा अब भी चिकित्सकीय निगरानी में है।
मृतक महिला की पहचान रामादेवी उर्फ शिवानी (पत्नी सुधीर) के रूप में हुई है। उसका पति सुधीर हरियाणा के पलवल में मजदूरी करता है, जबकि वह अपने बेटे निशांत के साथ गांव में ही रहती थी। सुधीर ने अपने भाइयों के साथ मिलकर एक साल पहले गांव के कृष्णपाल सिंह से तीन बीघा खेत खरीदा था। लेकिन खतौनी में यह भूमि कृष्णपाल के चचेरे बहनोई राजेंद्र के नाम दर्ज थी। इससे जुड़े कानूनी विवाद और पारिवारिक कलह से रामादेवी मानसिक रूप से परेशान थी।
देवरानियों से हुआ था विवाद
कुछ दिन पहले खेत में लगी सब्ज़ी की फसल राजेंद्र द्वारा उजाड़ दी गई, जिससे घर में तनाव और बढ़ गया। रामादेवी की देवरानियों ने इस पर आरोप लगाया कि सुधीर ने बिना जांच-पड़ताल के खेत खरीद लिया और सारी जमापूंजी बर्बाद कर दी। शनिवार सुबह इसी बात को लेकर तीखा झगड़ा हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर रामादेवी ने अपने बेटे को कीटनाशक पिला दिया, फिर खुद भी ज़हर पी लिया।
मां की मौत, बच्चा खतरे से बाहर
दोनों को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर में रामादेवी की मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चा निशांत अब खतरे से बाहर है और इलाज जारी है। एसपी राजेश द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “बच्चे की हालत स्थिर है, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”