सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक कंपनी के अधिकारी से 1.97 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। मामला सामने आने के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपनी अधिकारी निकले शिकार
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम प्रीति यादव ने बताया कि ग्रेटर नोएडा की ओएसिस होम्स सोसाइटी में रहने वाले संदीप जैन नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है। वह बाइक बनाने वाली एक कंपनी में अधिकारी हैं। संदीप ने पुलिस को बताया कि 15 जून को उनके पास एक मैसेज आया जिसमें दावा किया गया कि शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने पर मोटा मुनाफा मिलेगा। संदीप ने संदेश भेजने वालों की बातों पर भरोसा किया और उनसे संपर्क कर लिया।
फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग ग्रुप में शामिल कराया
शिकायत के अनुसार संदीप को एक स्टॉक ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में शेयर बाजार से जुड़े बड़े मुनाफे की बातें की जा रही थीं। कुछ लोग खुद को शेयर मार्केट ट्रेनर बता रहे थे और दावा कर रहे थे कि कंपनी के सीईओ निवेशकों को मार्गदर्शन देंगे। 23 जून को निवेश के लिए उन्हें गूगल पर एक फॉर्म भरने को कहा गया और बताया गया कि चयनित लोगों को ही निवेश का मौका मिलेगा। इसके बाद 25 जून को उनसे एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया गया और उसी पर अकाउंट खुलवाया गया।
ऐप पर दिखाई गई करोड़ों की रकम
पीड़ित ने पहले छोटी रकम निवेश की और कुछ समय बाद उन्हें मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद लालच में आकर उन्होंने 14 किस्तों में कुल 1.97 करोड़ रुपये का निवेश कर दिया। ऐप पर उन्हें उनकी रकम करोड़ों रुपये में दिखाई दे रही थी। लेकिन जब उन्होंने रकम निकालनी चाही तो आरोपियों ने उनसे टैक्स के नाम पर 1.65 करोड़ रुपये और जमा करने का दबाव बनाया। इसी दौरान संदीप को शक हुआ और उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद ठगों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया।
साइबर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर क्राइम पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं और ठगों के बैंक खातों व डिजिटल ट्रांजैक्शन की जानकारी खंगाली जा रही है।