Sunday, March 15, 2026 02:12:48 PM

परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन
नोएडा में 1500 से अधिक चालकों के लाइसेंस निलंबित, सड़क पर रील बनाने वाले भी आए राडार पर

नोएडा में ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग ने यातायात उल्लंघनों पर सख्त कदम उठाए हैं, 1500 से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए।

नोएडा में 1500 से अधिक चालकों के लाइसेंस निलंबित सड़क पर रील बनाने वाले भी आए राडार पर
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई शुरू की है। अभियान के दौरान अब तक 1500 से अधिक चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें तेज रफ्तार, रेड लाइट जम्प, नशे में गाड़ी चलाने और गलत दिशा में वाहन दौड़ाने जैसे गंभीर उल्लंघन शामिल हैं।

 

परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार,

  • 700 से अधिक चालक तेज रफ्तार में पकड़े गए।

  • 400 से ज्यादा चालकों ने रेड लाइट तोड़ी।

  • 200 से अधिक लोग नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।

  • 150 से अधिक वाहन चालक गलत दिशा में गाड़ी दौड़ाते हुए पकड़े गए।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि 36 ऐसे चालकों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए, जो वाहन चलाते समय सोशल मीडिया पर रील बनाने और स्टंट करने में लगे थे।

 

पुलिस का कड़ा रुख

नोएडा ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सड़क पर लापरवाह ड्राइविंग और स्टंटबाजी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा— "लाइसेंस निलंबन केवल दंड नहीं, बल्कि चालकों को यह समझाने का प्रयास है कि उनकी लापरवाही किसी निर्दोष की जान भी ले सकती है। सड़क पर अनुशासन तोड़ने वालों पर हमारी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।"

 

परिवहन विभाग की चेतावनी

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सियाराम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि चालकों के लाइसेंस 3 से 6 महीने की अवधि के लिए निलंबित किए गए हैं। बार-बार गलती करने वालों पर स्थायी निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही, ऐसे चालकों को दोबारा ड्राइविंग की अनुमति लेने से पहले विशेष प्रशिक्षण से गुजरना होगा।

 

जनता से अपील

पुलिस और परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर नियमों का पालन करें, सीट बेल्ट और हेलमेट का इस्तेमाल करें, मोबाइल पर वीडियो बनाने जैसी खतरनाक हरकतों से बचें और जिम्मेदारी से वाहन चलाएं। यह सख्त कदम साफ संदेश देता है कि नोएडा प्रशासन अब सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों को बिल्कुल बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।


सम्बन्धित सामग्री




हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें