सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। थाना बीटा-2 क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। परी चौक के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में ट्रेनिंग के लिए गई एक किशोरी के साथ दो युवकों ने कथित रूप से बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना बीटा-2 प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि किशोरी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह परी चौक के निकट स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम सीखने जाती थी। वहीं पर काम करने वाले उसके सहकर्मी रोहन और सैफ ने उसे झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। पीड़िता के अनुसार, दोनों ने मौके का फायदा उठाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
मुकदमा दर्ज, मेडिकल जांच जारी
किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है ताकि मामले की पुष्टि हो सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस ने कहा है कि नाबालिगों और युवतियों के साथ इस तरह के अपराधों को लेकर समाज को सतर्क रहना होगा और अभिभावकों को बच्चों पर नजर रखनी चाहिए।