ग्रेटर नोएडा। सिरसा गांव में हुए निक्की भाटी मर्डर केस में नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। मामले में पति विपिन भाटी, उसका भाई और माता-पिता जेल में बंद हैं। वहीं, विपिन की चाची दया की तबियत खराब होने की जानकारी मिली है। परिवार के अनुसार, वह पिछले दो दिन से खाना नहीं खा रही हैं। विपिन के स्वजन ने जेल में विपिन और उसके माता-पिता से मुलाकात की। अब तक कुल आठ लोग जेल में जाकर उनसे मिले हैं। परिजन ने बताया कि मुलाकात के दौरान विपिन ने किसी से ज्यादा बातचीत नहीं की और बस इतना कहा कि उसने निक्की को आग नहीं लगाई।
शोक व्यक्त करने के लिए आ रहे लोग
निक्की की मौत के बाद विपिन के घर पर कोई नहीं आया, इसलिए लोग अब विपिन के चचेरे भाई देवेंद्र के घर पहुंचकर शोक व्यक्त कर रहे हैं। परिवार और ग्रामीण दोनों ही इस समय भावनात्मक रूप से टूटे हुए हैं। पुलिस इस मामले में बेहद बारीकी से जांच कर रही है। विपिन के घर के आस-पास रहने वाले लगभग 50 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें स्थानीय दुकानदार भी शामिल हैं, जिन्होंने बताया कि घटना के समय विपिन दुकान पर मौजूद था। पुलिस सभी तथ्यों और बयानों को शामिल करके जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, विपिन द्वारा कोई ठोस बयान न देना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। मामले में अब पुलिस साक्ष्यों को मजबूत करने और अदालत तक पहुँचाने पर फोकस कर रही है। साथ ही वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच भी जारी है, ताकि मामला पूरी तरह से स्पष्ट हो सके और न्याय सुनिश्चित किया जा सके।