अस्पताल में इलाजरत देवांश | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के नॉलेज पार्क-3 स्थित एक निजी कॉलेज के हॉस्टल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक एक कमरे से दो छात्गोर खून से लथपथ मिले। अफरा-तफरी के बीच मौके पर पहुंचे सिक्योरिटी गार्ड सत्वीर देखा कि कमरे में दो छात्र खून से लथपथ पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आपसी विवाद में एक छात्र ने अपने मित्र को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली से घायल कर लिया।
सिक्योरिटी गार्ड ने सुनी आवाज, वार्डन ने तोड़ा शीशा
घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। हॉस्टल के सिक्योरिटी गार्ड सतवीर हॉस्टल की लाईट बंद करने जा रहा था तभी पहली मंजिल के एक कमरे से कराहने और गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दी। उसने तुरंत वार्डन को सूचना दी। जब वार्डन ने कमरे का मुख्य दरवाजा खोलने की कोशिश की तो वह अंदर से बंद मिला। इसके बाद पीछे की ओर सीढ़ी लगाकर बालकनी से झांककर देखा गया तो दोनों छात्र खून से लथपथ पड़े मिले। वार्डन और स्टाफ ने शीशा तोड़कर दरवाजा खोला।
आंध्र प्रदेश के दीपक की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार मृतक छात्र की पहचान दीपक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आंध्र प्रदेश का रहने वाला था और एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। वहीं, घायल छात्र का नाम देवांश चौहान है, जो आगरा का रहनेवाला है और पीजीडीएम का छात्र है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। दोनों छात्र आपस में गहरे मित्र बताए जा रहे हैं।
लाइसेंसी रिवॉल्वर से चलीं गोलियां
प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गोली लाइसेंसी रिवॉल्वर से चलाई गई। घटनास्थल से एक रिवॉल्वर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे, मोबाइल फोन, लैपटॉप व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि छात्रों में किसी व्यक्तिगत मुद्दे पर विवाद हुआ, जिसके बाद यह खौफनाक कदम उठाया गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने पूरे कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। हॉस्टल के उस कमरे को फिलहाल सील कर दिया गया है।
कॉलेज प्रबंधन और छात्रों में दहशत
गोलीकांड की खबर फैलते ही पूरे कॉलेज कैंपस और हॉस्टल में दहशत का माहौल बन गया। हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्र सहमे हुए हैं। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।
पुलिस कर रही गहन जांच
थाना नॉलेज पार्क प्रभारी ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतक और घायल छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है। दोनों छात्रों के बीच किस बात पर विवाद हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच कर रही है, ताकि विवाद के पीछे की असली वजह का पता चल सके।