सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज
नोएडा। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि राज्य में इस बार दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को संपन्न होगा। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी और इसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य की पूरी चुनावी मशीनरी जनता की सहायता के लिए तत्पर है और अब कोई भी नागरिक मात्र एक फोन कॉल के माध्यम से चुनाव अधिकारियों से संपर्क कर सकता है।
उन्होंने बताया कि इस बार चुनाव प्रक्रिया में 90,712 बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), 243 इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO), 38 जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) शामिल रहेंगे, जो पूरे राज्य में फैले हुए हैं। चुनाव आयोग ने विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि मतदाता किसी भी समस्या या शिकायत के लिए तुरंत संपर्क कर सकें।
मतदाता सूची अंतिम चरण में, नामांकन प्रक्रिया जल्द
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि वोटर लिस्ट पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद तैयार की गई अंतिम मतदाता सूची सभी राजनीतिक दलों को सौंप दी गई है। नामांकन दाखिल करने की तिथि के बाद एक बार फिर मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बिहार में इस बार लगभग 7.42 करोड़ पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या लगभग 3.93 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 3.50 करोड़ है। इसके अलावा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 14 लाख नए मतदाता पहली बार चुनाव में हिस्सा लेंगे। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 4.03 लाख और दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 7.20 लाख दर्ज की गई है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 — प्रमुख तथ्य
-
कुल विधानसभा सीटें: 243
-
एससी आरक्षित सीटें: 38
-
एसटी आरक्षित सीटें: 2
-
कुल मतदाता: 7,42,00,000
-
थर्ड जेंडर मतदाता: 17,254
-
ड्राफ्ट रोल से बाहर हुए नाम: 65,64,075
-
फाइनल वोटर लिस्ट से बाहर हुए नाम: 3,66,742
-
दावा एवं आपत्ति के दौरान जुड़े नाम: 21,53,343
मुख्य मुकाबला एनडीए बनाम महागठबंधन
बिहार की 243 सीटों पर इस बार मुख्य रूप से मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच होने जा रहा है। एनडीए की ओर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) प्रमुख दल हैं, जबकि महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस और वामपंथी पार्टियां (CPI, CPIML) शामिल हैं।
इस चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी के दो गुट (चिराग पासवान और पशुपति पारस), AIMIM, HAM और VIP जैसी पार्टियां भी चुनावी मैदान में उतरेंगी, जिससे मुकाबला कई सीटों पर बहुकोणीय हो सकता है।
जनता के मुद्दों पर केंद्रित होगा चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जनता के बीच मुख्य मुद्दों में रोजगार, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा (बिजली-सड़क-पानी) और महिलाओं से जुड़ा आरक्षण शामिल हैं। इसके साथ ही राज्य सरकार की लोकप्रिय कल्याणकारी योजनाएं भी इस चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगी।