ट्रेड शो का पोस्टर | पाठकराज
पाठकराज
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में इस बार प्रदेश की तकनीकी तरक्की और तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम की झलक देखने को मिलेगी। इस आयोजन में प्रदेश के 40 से अधिक जिलों से आए 45 इनोवेटिव स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रोजेक्ट्स शामिल होंगे।
एआई, ड्रोन और हेल्थटेक स्टार्टअप्स का जलवा
इनोवेशन हब यूपी के प्रमुख महिप सिंह ने बताया कि ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक मंच देगा। लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर जैसे शहरों के स्टार्टअप्स अपनी ताकत दिखाएंगे। ये स्टार्टअप्स ड्रोन टेक्नोलॉजी, एआई, आईओटी, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और हेल्थटेक के क्षेत्र में नई दिशा देने के लिए तैयार हैं।
13 हजार से अधिक स्टार्टअप्स, राष्ट्रीय स्तर पर चौथे स्थान पर यूपी
प्रदेश सरकार की स्टार्टअप नीति के चलते हाल के वर्षों में उत्तर प्रदेश में 13,000 से अधिक स्टार्टअप्स रजिस्टर्ड हुए हैं। इन स्टार्टअप्स ने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने में अहम योगदान दिया है। राष्ट्रीय रैंकिंग में उत्तर प्रदेश फिलहाल चौथे स्थान पर है। सरकार का लक्ष्य इसे शीर्ष स्थान पर लाना है।
निजी संस्थानों में इनक्यूबेशन सेंटर
स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के निजी तकनीकी संस्थानों में तेजी से इनक्यूबेशन सेंटर बनाए जा रहे हैं। इनमें जीएल बजाज, आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, एनआईईटी, केआईईटी, एकेजी, एबीएस, एमआईईटी समेत कई प्रमुख कॉलेज शामिल हैं। इन केंद्रों के जरिए छात्रों को स्टार्टअप शुरू करने के लिए जरूरी मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन की तैयारियां जोरों पर
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को सफल बनाने के लिए गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी मेधा रूपम लगातार एक्सपो मार्ट में बैठकें कर रही हैं और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील कर रही हैं। इस बार ट्रेड शो में 5 लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान है।