Monday, March 16, 2026 11:26:27 AM

नोएडा एयरपोर्ट सुरक्षा सीआईएसएफ को सौंपी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा अब सीआईएसएफ के हवाले

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंप दी गई है, सीआईएसएफ द्वारा देश का 70वां एयरपोर्ट संभाला जा रहा है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा अब सीआईएसएफ के हवाले
सीआईएसएफ का हैंड ओवर सेरेमनी | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंप दी गई है। सोमवार को एयरपोर्ट परिसर में आयोजित एक भव्य हैंडओवर कार्यक्रम में एयरपोर्ट अथॉरिटी, निर्माता कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट, यमुना अथॉरिटी, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर सीआईएसएफ का ध्वजारोहण (फ्लैग अनफर्लिंग) किया गया और औपचारिक रूप से सुरक्षा की कमान सीआईएसएफ को सौंप दी गई।

 

सीआईएसएफ का 70वां एयरपोर्ट

कार्यक्रम में सीआईएसएफ के स्पेशल डीजी ने भाग लिया और टर्मिनल बिल्डिंग समेत एयरपोर्ट की अन्य प्रमुख जगहों का निरीक्षण किया। अब तक देश के 69 एयरपोर्ट की सुरक्षा संभाल रही सीआईएसएफ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अपने 70वें एयरपोर्ट के रूप में अधिग्रहित किया है। गौरतलब है कि सीआईएसएफ ने वर्ष 2000 से एयरपोर्ट सुरक्षा का दायित्व निभाना शुरू किया था और आज यह बल अपनी पेशेवर कार्यशैली और मानक व्यवस्था के लिए देश-विदेश में ख्यात है।

 

जवानों की तैनाती

शुरुआती चरण में एयरपोर्ट पर 120 जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगे। एयरपोर्ट के पहले फेज के पूरी तरह शुरू होने के बाद यह संख्या बढ़कर 1,047 जवानों तक पहुंच जाएगी। सीआईएसएफ और एयरपोर्ट मैनेजमेंट की टीम पिछले कई महीनों से सुरक्षा प्लान, मशीनों की इंस्टॉलेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं पर मिलकर काम कर रही है।

 

आधुनिक सुविधाओं से लैस एयरपोर्ट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अत्याधुनिक तकनीक से विकसित किया गया है।

  • पहले फेज में 27 एयरक्राफ्ट पार्किंग स्टैंड तैयार किए गए हैं, जिनमें से 2 स्टैंड कार्गो के लिए होंगे।

  • टर्मिनल बिल्डिंग में कुल 13 बोर्डिंग गेट बनाए गए हैं, जिनमें 10 पैसेंजर बोर्डिंग ब्रिज और 3 बस गेट शामिल हैं।

  • इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और विमानों की तेज़ी से टर्नअराउंड सेवा मिल सकेगी।

 

30 अक्टूबर को उद्घाटन

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। फिलहाल टर्मिनल बिल्डिंग में फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी का दावा है कि यह हवाई अड्डा यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करेगा और साथ ही क्षेत्र में सतत विकास और कनेक्टिविटी के नए आयाम स्थापित करेगा।


सम्बन्धित सामग्री




हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें