Monday, March 16, 2026 11:26:03 AM

चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं
नोएडा में एक ही रात में चार बाइक चोरी, पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में चोरों ने एक ही रात में चार मोटरसाइकिलें चुराई। पीड़ितों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई और जांच जारी है।

नोएडा में एक ही रात में चार बाइक चोरी पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे
सांकेतिक तस्वीर | पाठकराज
पाठकराज

नोएडा। जिले में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला बीती रात का है, जब चोरों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से चार लोगों की मोटरसाइकिलें घर के बाहर से चुरा लीं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

फेस-3 थाना क्षेत्र से दो मोटरसाइकिलें चोरी
थाना फेस-3 प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि पीड़ित शिवम यादव पुत्र जयप्रकाश यादव निवासी सेक्टर-70 ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह उठने पर पता चला कि बाइक चोरी हो चुकी है। इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य पीड़ित सूरज पुत्र जयशंकर, निवासी ग्राम गढ़ी चौखंडी ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूरज के अनुसार उनकी मोटरसाइकिल को भी रात में अज्ञात बदमाश घर के बाहर से चोरी कर ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

सूरजपुर थाना क्षेत्र में तीसरी चोरी
थाना सूरजपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि रामपाल वर्मा, निवासी कस्बा सूरजपुर गोविंद गली, ने शिकायत दी है कि उनकी मोटरसाइकिल भी रात में उनके घर के बाहर से चोरी कर ली गई। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

 

सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में चौथी वारदात
थाना सेक्टर-113 प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने जानकारी दी कि अमन कुमार, निवासी सेक्टर-122, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी मोटरसाइकिल रात में चोरी हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

 

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चारों वारदातों की जांच की जा रही है। चोरों का गैंग एक ही रात में कई जगहों पर सक्रिय रहा। पुलिस ने सीसीटीवी और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश तेज कर दी है। 
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत है। उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।


सम्बन्धित सामग्री





हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें