ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने दामाद, जो सेना में जवान है, पर रेप और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी दामाद ने शादी के बाद रिश्तों का फायदा उठाकर पहले नशा देकर रेप किया और फिर अश्लील वीडियो के जरिए कई बार शारीरिक शोषण करता रहा।
शादी के लिए बेची जमीन, खर्च किए 25 लाख रुपये
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनके पति की मौत वर्ष 2013 में हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी इकलौती बेटी की शादी वर्ष 2018 में खुर्जा निवासी एक आर्मी जवान से की थी। शादी में उन्होंने अपनी जमीन बेचकर लगभग 25 लाख रुपये खर्च किए थे।
होटल में नशा देकर किया रेप, बनाया वीडियो
महिला का आरोप है कि वर्ष 2019 में एक बार वह अपने दामाद के साथ कार से दिल्ली जा रही थीं। रास्ते में दोनों एक होटल में खाने के लिए रुके। आरोप है कि दामाद ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गईं। बेहोशी की हालत में दामाद ने होटल के कमरे में उनके साथ रेप किया और घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद से ही दामाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार उनका शोषण करता रहा। महिला का कहना है कि वे डर और शर्म के कारण लंबे समय तक चुप रहीं, लेकिन हाल ही में अपनी बेटी और दामाद के बीच विवाद बढ़ने पर उन्होंने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस बोली— विवाद की पड़ताल जारी
रबूपुरा कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि महिला की शिकायत पुलिस के पास आई है। पीड़िता की बेटी और दामाद के बीच पहले से विवाद चल रहा है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।