रायबरेली में योगी का कांग्रेस पर हमला |
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली पहुंचे। यहां उन्होंने जिले को 879 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान सीएम योगी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस लगातार राम मंदिर का विरोध करती रही है और अब गिरगिट की तरह रंग बदल रही है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं और बाहर आकर मछली की दावत करते हैं, फिर राम-राम बोलते हैं।
योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में उत्तर प्रदेश को माफिया प्रदेश बना दिया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के भाई की हत्या के बाद भी कांग्रेस नेता हत्यारों के खिलाफ बयान देने नहीं गए। सीएम ने दावा किया कि भाजपा सरकार आने के बाद माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
सीएम योगी ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि एक व्यक्ति के तौर पर देश को उनसे कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उनकी संसद और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की परंपरा और विरासत को कोसते हैं, यूपी के बाहर जाकर उत्तर प्रदेश को बदनाम करते हैं और देश के बाहर जाकर देश का अपमान करते हैं।
योगी ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को भूल जाता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। उन्होंने मंगल पांडेय, नाना साहब, तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई और राना बेनी माधव बख्श सिंह के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया।
आपातकाल और कांग्रेस पर हमला
सीएम ने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश आपातकाल की ‘काली छाया’ देख चुका है। साथ ही जंतर-मंतर पर पीएम मोदी के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल का भी जिक्र किया।
योगी ने कांग्रेस पर देश को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमेठी और रायबरेली को लंबे समय तक एक परिवार के नाम से जोड़ा गया, लेकिन इन जिलों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया गया।
उन्होंने काकोरी ट्रेन घटना का जिक्र करते हुए कहा कि क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के खजाने पर कब्जा किया था, लेकिन कांग्रेस ने इसे ‘काकोरी ट्रेन लूट’ कहा। योगी ने आरोप लगाया कि “देश को लूटा तो आपने है।”
उन्होंने भारत के विभाजन का भी जिक्र किया और कांग्रेस के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। साथ ही वीर सावरकर के योगदान का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर उनके सम्मान को लेकर सवाल उठाए।
महापुरुषों के सम्मान का मुद्दा
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महापुरुष भी स्वीकार नहीं थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की विरासत और महापुरुषों को सम्मान देने का काम किया है।
योगी ने अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, निषादराज के नाम पर विश्रामालय और शबरी माता के नाम पर भोजनालय बनाए जाने का भी जिक्र किया।
अंत में सीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनी माधव बख्श सिंह और उनके सेनापति वीर पासी को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सभी वीरों का सम्मान करना समाज और सरकार की जिम्मेदारी है।