Friday, November 13, 2026 01:54:26 PM

योगी के गाजियाबाद दौरे की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित गाजियाबाद दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित गाजियाबाद दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट। डीएम ने सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित गाजियाबाद दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की
योगी के गाजियाबाद दौरे की तैयारियां तेज |

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित गाजियाबाद दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन समेत तमाम व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर काम करें। साथ ही कार्यक्रम स्थल और वहां तक पहुंचने वाले निर्धारित मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार की जाए।

पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा संभावित ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी आम लोगों तक समय से पहुंचाने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।

साफ-सफाई से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक की समीक्षा

डीएम ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को गंभीरता से निभाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में एडिशनल सीपी राज करन नय्यर, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, सीडीओ कुमार सौरभ, सभी एडीएम, सीएमओ सहित पुलिस और प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें