योगी कैबिनेट के 22 फैसले |
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें सरकारी कर्मचारियों को कैशलेस इलाज, पशुपालकों को अनुदान, चार लिंक एक्सप्रेसवे और टेक्सटाइल पार्क समेत कई अहम योजनाएं शामिल हैं।
कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा
कैबिनेट ने माध्यमिक और संस्कृत विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उनके आश्रितों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा देने का फैसला लिया गया है।
पशुपालकों को 50 हजार रुपये का अनुदान
पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए एक गाय पालने पर पशुपालकों को 50 हजार रुपये का अनुदान देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। इसके अलावा पशु बीमा के खर्च का 85 प्रतिशत हिस्सा सरकार उठाएगी।
सैनिक स्कूल और भंडारगृह के लिए जमीन
कैबिनेट ने सैनिक स्कूल मैनपुरी के लिए 9.524 हेक्टेयर भूमि निःशुल्क हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। वहीं, झांसी और ललितपुर में भंडारगृह बनाने के लिए भी निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई है।
चार लिंक एक्सप्रेसवे के विकास को मंजूरी
उत्तर प्रदेश में चार लिंक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के विकासकर्ताओं के चयन को मंजूरी दी गई है। इनमें फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला लिंक एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे शामिल हैं।
निवेश और नई नीतियों को मंजूरी
कैबिनेट ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) और वैश्विक कंपनियों के निवेश से जुड़े इम्पावर्ड कमेटी के फैसले के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की GCC नीति-2024 के तहत उच्चस्तरीय समिति की संस्तुतियों को भी स्वीकृति दी गई है।
इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
- उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलयान नियमावली-2026 को लागू करने का प्रस्ताव पास हुआ।
- प्रयागराज में हाईकोर्ट के अधिकारियों के लिए 845 आवास बनाने को वित्तीय मंजूरी दी गई।
- उत्तर प्रदेश में साइबर सुरक्षा ऑपरेशंस सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली।
- लखनऊ-हरदोई में 1,000 एकड़ में बनने वाले पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क के मास्टर डेवलपर के चयन को मंजूरी दी गई।
- उत्तर प्रदेश में PRAGATI रोबोटिक्स पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव पास हुआ।
- प्रयागराज में ऑडिटोरियम और कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली।
- लखनऊ और वाराणसी में सीवरेज और पेयजल से जुड़ी सात परियोजनाओं के खर्च को मंजूरी दी गई।
योगी कैबिनेट के इन फैसलों का संबंध शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, परिवहन, निवेश, शहरी सुविधाओं और औद्योगिक विकास से है।