Saturday, September 05, 2026 02:31:17 AM

बृजभूषण सिंह के तीखे बयान
बृजभूषण का बाबा रामदेव पर तंज, महंगाई और कुश्ती पर भी बोले

गोंडा के प्रतिभा सम्मान समारोह में पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव, काकरोच जनता पार्टी, महंगाई, किसानों, कुश्ती और मिलावटखोरी को लेकर कई तीखे बयान दिए।

बृजभूषण का बाबा रामदेव पर तंज महंगाई और कुश्ती पर भी बोले
बृजभूषण सिंह के तीखे बयान |

उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित रघुकुल विद्यापीठ में तीन ब्लॉकों के छात्र-छात्राओं के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैसरगंज के पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।

बाबा रामदेव पर साधा निशाना

बाबा रामदेव के देश में बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी पर बृजभूषण सिंह ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव स्वदेशी के नाम से आगे बढ़े, लेकिन अब स्वदेशी करते-करते विदेशी चड्ढी तक बनाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अब लोग बाबा रामदेव को गंभीरता से नहीं लेते और उनकी बातों पर विश्वास भी नहीं करते।

बृजभूषण सिंह ने बाबा रामदेव के पुराने आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि वह एक बार पैजामा यानी सलवार पहनकर भागे थे। उनके मुताबिक, सलवार पहनकर भागने वाले व्यक्ति को लोग गंभीरता से नहीं लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा रामदेव में अब आंदोलन करने की क्षमता नहीं बची है।

‘काकरोच जनता पार्टी’ पर भी हमला

विपक्षी दलों और नए विरोधी मोर्चे ‘काकरोच जनता पार्टी’ यानी सीजेपी पर भी बृजभूषण सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस पार्टी ने छात्रों से जुड़ा मुद्दा उठाया था और सरकार ने छात्रों की मांग मान ली है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी पूरी हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि अब देशभर में बेवजह सवाल खड़े करना सही नहीं है। बृजभूषण सिंह के मुताबिक, इस पार्टी के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर निशाना साधा गया और वह सफल हो गया। अब यह पार्टी अहंकारी और दिग्भ्रमित हो गई है और ज्यादा उछलकूद कर रही है।

चीनी के दाम बढ़ने पर किसानों का समर्थन

चीनी की कीमत बढ़ने के सवाल पर बृजभूषण सिंह ने किसानों का पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि अगर चीनी महंगी हुई है तो गन्ने का दाम भी बढ़ना चाहिए। किसानों की ओर से मांग उठने पर गन्ने का भाव जरूर बढ़ेगा।

उन्होंने सवाल किया कि चीनी महंगी होने पर ही इतना हंगामा क्यों होता है? जब कार, दवा, बाइक, डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ते हैं, तब इस तरह का विवाद क्यों नहीं होता?

कुश्ती संघ को लेकर बोले बृजभूषण

भारतीय कुश्ती संघ को लेकर बृजभूषण सिंह ने कहा कि वह तीन बार कुश्ती संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब उनके बेटे करण भूषण और संजय सिंह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और आगे भी अध्यक्ष बनते रहेंगे।

उन्होंने दावा किया कि आज भारतीय कुश्ती की स्थिति बिल्कुल ठीक है और देश के पहलवान लगातार मेडल जीत रहे हैं।

मिलावटखोरी पर अधिकारियों को घेरा

मिलावटखोरी के मुद्दे पर भी बृजभूषण सिंह ने सरकार और अधिकारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर काफी समय से बोलते रहे हैं, लेकिन पहले उनकी बात को गलत बताया गया।

उन्होंने कहा कि जब WHO ने इसी तरह की बात कही, तब उसे सही माना गया। बृजभूषण सिंह ने नकली घी, समोसे और दूसरे मिलावटी सामान का जिक्र करते हुए कहा कि अब सरकार ने कुछ चीजों पर रोक लगाई है, लेकिन इसमें इतनी देर क्यों हुई?

उन्होंने सरकार से अधिकारियों पर भी लगाम लगाने की मांग की। उनका आरोप है कि कई बार नकली सामान बेचने वाले बच जाते हैं, जबकि अधिकारियों की कार्रवाई असली सामान बेचने वालों पर हो जाती है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में वह अपनी बात किससे कहें।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें