Saturday, September 05, 2026 01:55:28 AM

यूपी में निवेश बढ़ाने की तैयारी तेज
UP में निवेश बढ़ाने की तैयारी तेज, 50 लाख करोड़ के प्रस्ताव और 10 टेक्सटाइल पार्क का प्लान

UP में 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 10 टेक्सटाइल पार्क की तैयारी और रोजगार बढ़ाने पर सरकार का फोकस।

up में निवेश बढ़ाने की तैयारी तेज 50 लाख करोड़ के प्रस्ताव और 10 टेक्सटाइल पार्क का प्लान
यूपी में निवेश बढ़ाने की तैयारी तेज |

उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ाने और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का कहना है कि प्रदेश में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है।

इसी सिलसिले में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान बृहस्पतिवार को नोएडा के सेक्टर-6 स्थित नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने रोड शो यूपीटैक्स 2026 में हिस्सा लिया और उद्यमियों व निवेशकों से बातचीत की।

राकेश सचान ने बताया कि वर्ष 2022-23 में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट के दौरान सरकार ने निवेश लाने के लिए आठ समूह बनाए थे। इन समूहों में मंत्री और अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने अलग-अलग देशों में जाकर निवेशकों से संपर्क किया। दुबई में भी लगातार चार दिन तक निवेशकों से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

मंत्री के मुताबिक, दुबई में करीब 23 हजार करोड़ रुपये के एमओयू हुए। इसके बाद कई निवेशकों ने उत्तर प्रदेश का रुख किया और अलग-अलग परियोजनाओं में निवेश शुरू हुआ।

उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट के बाद उत्तर प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें अकेले टेक्सटाइल सेक्टर के लिए करीब 70 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं।

लोकसभा चुनाव से पहले आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि करीब 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।

मंत्री ने कहा कि निवेशकों के लिए अच्छी नीतियों के साथ रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी भी बेहद जरूरी है। इसी वजह से प्रदेश में कनेक्टिविटी को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जब निवेश जमीन पर दिखाई देता है और नए उद्योग शुरू होते हैं, तो देश और दुनिया में यह संदेश जाता है कि उत्तर प्रदेश में सिर्फ नीतियां नहीं बनाई जातीं, बल्कि उन पर काम भी किया जाता है।

सरकार के बजट खर्च को लेकर उन्होंने बताया कि करीब 40 प्रतिशत बजट छह महीने में ही खर्च किया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारना है।

टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ और हरदोई में तैयार हो रहे टेक्सटाइल पार्कों का जल्द उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा संतकबीरनगर, वाराणसी और बरेली समेत कई जिलों में भी टेक्सटाइल पार्क विकसित किए जा रहे हैं।

सरकार की योजना करीब 10 टेक्सटाइल पार्क विकसित करने की है। इनमें से पांच के लिए जमीन चिन्हित की जा चुकी है और नवंबर तक इनके शिलान्यास का लक्ष्य रखा गया है।

इन पार्कों में निवेश करने वाले उद्यमियों को सस्ती दरों पर जमीन उपलब्ध कराने की योजना है। सरकार को उम्मीद है कि इससे नए उद्योग स्थापित होंगे और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। इसके लिए निवेश और उद्योगों से जुड़ी नीतियों में जरूरत के अनुसार बदलाव और सुधार किए जाएंगे।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें