सुलतानपुर 104 किलो गांजा तस्कर गिरफ्तार |
सुलतानपुर पुलिस ने बन्धुआकला थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी लखनऊ-सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डेरा बसी ढाबा के सामने की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय पाल (37 वर्ष) पुत्र रामकिसन के रूप में हुई है। वह अयोध्या जिले के हैदरगंज थाना क्षेत्र के नियाजपुर भदार गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 104 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गांजे को तीन बोरियों में कुल 52 पैकेट बनाकर टेप से पैक किया गया था। तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा आयसर डीसीएम ट्रक (UP42CT7793) भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इस मामले में बन्धुआकला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
बरामद सामान में अवैध गांजा और डीसीएम वाहन के अलावा एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक वीवो मोबाइल फोन भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक विजय पाल का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ सुलतानपुर के बन्धुआकला थाना में वर्तमान एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। इसके अलावा रायबरेली के डलमऊ थाना में गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मैनपुरी के कोतवाली थाना में उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज है।