यूपी में आंगनबाड़ी मानदेय बढ़ोतरी |
अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 50 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान किया। सीएम योगी ने बताया कि अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रति माह किया जा रहा है। इस फैसले से प्रदेश की करीब डेढ़ लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लाभ मिलेगा।
इसके अलावा आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है। सीएम के मुताबिक, सहायिकाओं का मानदेय अब 6 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है। उन्हें सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर और एक अतिरिक्त साड़ी भी दी जाएगी।
पहले 3 हजार था मानदेय
सीएम योगी ने अपने संबोधन में 2017 से पहले के आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय कई आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर थे और वहां व्यवस्थाएं ठीक नहीं थीं। उनके मुताबिक, केंद्रों तक रेसिपी और पोषाहार सही तरीके से नहीं पहुंचता था, जिसका खामियाजा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भुगतना पड़ता था।
योगी ने कहा कि पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सिर्फ 3 हजार रुपये प्रति माह मानदेय मिलता था, जिसे उनकी सरकार ने बढ़ाकर 8 हजार रुपये किया और अब इसे 12 हजार रुपये किया जा रहा है।
सपा सरकार पर लगाए आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की समाजवादी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं थीं। कई जगह बच्चों को अपना टाट लेकर आना पड़ता था। पेयजल और पोषाहार की व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।
सीएम ने आरोप लगाया कि उस समय आंगनबाड़ी के लिए मिलने वाला पैसा माफियाओं के हाथों में चला जाता था और इसकी बदनामी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को झेलनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है।
अयोध्या के विकास पर भी बोले योगी
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने अयोध्या के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले अयोध्या में सड़क, बिजली और दूसरी सुविधाओं की स्थिति खराब थी। उनके मुताबिक, उस समय विश्वप्रसिद्ध अयोध्या धाम में करीब तीन घंटे ही बिजली आती थी।
योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने अयोध्या में विकास कार्य शुरू किए तो समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि सपा ने सड़क चौड़ीकरण, रेलवे स्टेशन और महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट के निर्माण का भी विरोध किया।
सीएम योगी ने सपा को विकास विरोधी और श्रीराम विरोधी बताते हुए रामभक्तों पर गोली चलाए जाने का भी जिक्र किया।